अनिल मालवीय, इछावर। आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग स्थानों पर दर्दनाक हादसे सामने आए हैं। इन हादसों में दो युवकों की असमय मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटनाओं के बाद से पीड़ित परिवारों और संबंधित गांवों में मातम का माहौल है।
खेत में दवा छिड़कते समय गिरी बिजली
पहली घटना लसूडिया बोडी गाँव की है, जहाँ खेत पर काम कर रहे दो किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार, लसूडिया बोडी निवासी भरत जांगड़ा (उम्र 26 वर्ष) पिता देवकरण जांगड़ा और दौलत सिंह पिता नारायण सिंह खेत पर फसलों में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ उनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे के बाद परिजन दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलकिसगंज लेकर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल के गेट से ही आगे के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 26 वर्षीय भरत जांगड़ा की मौत हो गई है।
मोबाइल चला रहे इकलौते बेटे पर गिरी बिजली
दूसरी दर्दनाक घटना इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम सिराडी से सामने आई है, जहां बिजली गिरने से एक घर का चिराग बुझ गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सिराडी निवासी पवन (उम्र 18 वर्ष) पिता राधेश्याम अपने घर के बाहर आंगन में मां के साथ बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जना हुई और मोबाइल चला रहे पवन पर आकाशीय बिजली आ गिरी।
बिजली की चपेट में आने से पवन बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, पवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलने पर इछावर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम (पीएम) करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद से पूरे गाँव में शोक की लहर है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में खराब मौसम, बारिश और कड़कती बिजली के दौरान नागरिकों से घरों के भीतर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग खुले में न करने की अपील की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

