० नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर गांव की घटना, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर ग्राम जवाड में सोमवार देर शाम वज्रपात की चपेट में आने से 50 वर्षीय सुंदर भुइयां की जान चली गई। वह विष्णुदेव भुइयां के पुत्र थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, सुंदर भुइयां सोमवार शाम घर के पास अपने मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।