झारखंड डेस्क। झारखंड में मानसून के बीच वज्रपात का कहर लगातार जारी है। रविवार को राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

रविवार को झारखंड के विभिन्न जिलों में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई। सबसे अधिक प्रभावित रामगढ़ जिला रहा, जहां चार लोगों की मौत हुई। वहीं, गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड में आकाशीय बिजली गिरने से दीपिका नामक एक बच्ची की मौत हो गई।

रामगढ़ के पतरातू प्रखंड के सांकुल गांव में खेत में काम कर रही रेखा देवी (48) और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22) वज्रपात की चपेट में आ गईं। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसी प्रखंड के लाताड़ पंचायत के पलानी गांव में खेत में काम कर रही सुलेखा देवी उर्फ सुशांति (30) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।

इसके अलावा विष्णुगढ़ क्षेत्र में एक बच्ची की वज्रपात से जान चली गई, जबकि रामगढ़ की दोहाकात पंचायत के पारलोलो टोला निवासी प्रमिला देवी (32) की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

पांच दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा। 4 से 6 अगस्त के बीच कई जिलों में 65 से 115 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इस दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

6 अगस्त को राजधानी रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 5 अगस्त को भारी बारिश का क्षेत्र उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड की ओर शिफ्ट हो सकता है। वहीं 6 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में फिर से भारी बारिश की संभावना है।

इस दिन पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों के लिए येलो वॉच जारी की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।