प्रशांत सिंह, जांजगीर चांपा। जिले के बहुचर्चित सिवनी शराब दुकान डबल मर्डर और लूट मामले में जिला न्यायालय ने अहम फैसला सुनाया है। प्रधान सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिव शंकर चौहान को चार-चार बार आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। वहीं सह-आरोपी कृष्णा सहिस और महिला सहयोगी मंगली सहिस को तीन-तीन बार आजीवन कारावास और जुर्माने से दंडित किया गया है।
अदालत के इस फैसले को जघन्य अपराध के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। लंबे समय से चले आ रहे इस मामले में न्याय मिलने से मृतक सुरक्षा कर्मियों के परिजनों को राहत मिली है। बता दें कि सिवनी गांव में 4 नवंबर की रात शराब दुकान में काम करने वाले दो सुरक्षाकर्मियों की निर्ममता से हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस के पास सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी थे, लेकिन इस फुटेज में आरोपी पहचान में नहीं आ रहे थे। लिहाजा पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करने के बाद एएसपी के नेतृत्व में अलग टीम बनाई, जिसने टेक्निकल सपोर्ट की मदद से आरोपियों की गिरफ्तारी की। इस डबल मर्डर केस में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

लाखों मोबाइल नंबर्स का खंगाला गया था डाटा
पुलिस ने जांच के दौरान 7 लाख 40 हजार मोबाइल नंबरों को टावर लोकेशन के आधार पर सर्च किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज का गहनता से अध्ययन किया, जिसमें एक नकाबपोश आता दिख रहा था। नकाबपोश ने शराब दुकान के सामने सो रहे दोनों सुरक्षा कर्मियों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद दुकान में दाखिल हुआ और शराब के साथ नकदी लूट लिए। आरोपी ने शराब दुकान के लॉकर में रखे पैसों को निकालने की भी कोशिश की थी, लेकिन नाकाम रहा था। इस मामले में पुलिस ने सौ से अधिक संदेहियों से पूछताछ की थी।
कैसे आरोपियों तक पहुंची थी पुलिस ?
मामले की जांच के बाद भी आरोपियों की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने कुछ संदेहियों का नार्को टेस्ट और पालीग्राफी टेस्ट कराने की तैयारी की थी। इसी दौरान बुधवार रात पुलिस ने सिवनी गांव के शिवशंकर सहिस को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें शिव शंकर ने पहले दिए बयान से अलग बयान दिया। फिर पुलिस का शक शिवशंकर पर गहराया। इसके बाद पुलिस ने शिवशंकर की पत्नी और सौतेला बेटा से भी पूछताछ की। तीनों का बयान मिलाने पर शक की सुई शिवशंकर के पास आकर रूकी, फिर पुलिस ने कड़ाई से जब पति पत्नी से पूछताछ शुरू की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने शिवशंकर सहिस और मंगली सहिस समेत सौतेले बेटे कृष्णा सहिस को गिरफ्तार किया था।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

