Business Desk = LNG Export Project 2026 : अडानी ग्रुप ने दक्षिण अमेरिकी बाजार में बड़ा कदम रखा है. समूह की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) को अर्जेंटीना के पहले लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) एक्सपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए 10 साल का समुद्री सेवा (मरीन सर्विसेज) कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस खबर के बाद सोमवार को निवेशकों की नजर अडानी पोर्ट्स के शेयर पर रही, हालांकि खबर लिखे जाने तक कंपनी का शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था.

सहायक कंपनी के जरिए मिला ऑर्डर
यह कॉन्ट्रैक्ट अडानी पोर्ट्स की सहायक कंपनी अडानी हार्बर इंटरनेशनल एफजेडसीओ को मिला है. कंपनी ने अर्जेंटीना की मेरिडियन ग्रुप के साथ मिलकर एक कंसोर्टियम बनाया और इसी के जरिए यह प्रोजेक्ट हासिल किया. यह कॉन्ट्रैक्ट सदर्न एनर्जी एस.ए. (SESA) द्वारा आयोजित वैश्विक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद दिया गया है.
ज्वॉइंट वेंचर के जरिए होगा प्रोजेक्ट का संचालन
इस प्रोजेक्ट को मेरिडियन ट्रांसपोर्टेस मैरिटिमोस एस.ए. के माध्यम से संचालित किया जाएगा. यह अडानी हार्बर इंटरनेशनल एफजेडसीओ और मेरिडियन ग्रुप की संयुक्त कंपनी (ज्वॉइंट वेंचर) है. इस साझेदारी में अडानी ग्रुप की 51% हिस्सेदारी है, जबकि मेरिडियन ग्रुप के पास 49% हिस्सेदारी है.
10 साल तक कौन-कौन सी सेवाएं देगा अडानी ग्रुप?
कॉन्ट्रैक्ट के तहत यह कंसोर्टियम सदर्न एनर्जी के फ्लोटिंग लिक्विफाइड नेचुरल गैस (FLNG) प्रोजेक्ट को कई महत्वपूर्ण समुद्री सेवाएं उपलब्ध कराएगा. इसमें LNG जहाजों की आवाजाही में मदद के लिए टगबोट संचालन, ऑफशोर लॉजिस्टिक्स सेवाएं, प्रोजेक्ट के संचालन के लिए सप्लाई सपोर्ट और कर्मचारियों के आवागमन के लिए क्रू ट्रांसफर सेवाएं शामिल हैं.
70 मिलियन डॉलर के निवेश से जुड़ेगा प्रोजेक्ट
इन सेवाओं के लिए एक विशेष समुद्री बेड़े का उपयोग किया जाएगा. इसमें चार अत्याधुनिक टगबोट, एक एंकर हैंडलिंग टग सप्लाई पोत और एक क्रू बोट शामिल होगी. ये सभी जहाज सदर्न एनर्जी FLNG प्रोजेक्ट की विभिन्न परिचालन जरूरतों को पूरा करेंगे. इस पूरे प्रोजेक्ट को लगभग 70 मिलियन डॉलर के निवेश का समर्थन प्राप्त है, जिससे इसे अर्जेंटीना के ऊर्जा क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है.
अडानी ग्रुप के लिए क्यों अहम है यह डील?
यह कॉन्ट्रैक्ट अडानी ग्रुप के लिए सिर्फ एक व्यावसायिक समझौता नहीं, बल्कि साउथ अमेरिका के ऊर्जा और समुद्री लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में उसकी मजबूत मौजूदगी की शुरुआत भी है. अर्जेंटीना के पहले LNG एक्सपोर्ट प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद अडानी पोर्ट्स का अंतरराष्ट्रीय कारोबार और वैश्विक पोर्टफोलियो दोनों मजबूत होने की उम्मीद है.

