रियलिटी शोज की दुनिया में कई ऐसे शो आए हैं, जिन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है, लेकिन कुछ शोज अपने अलग और अनोखे कॉन्सेप्ट के कारण खास पहचान बनाने में सफल रहे. ऐसा ही एक शो है ‘लॉक अप’, जिसने अपने पहले सीजन से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी. वहीं, अब एक बार फिर यह चर्चित शो सुर्खियों में है, क्योंकि इसके नए सीजन ‘लॉक अप 2’ (Lock Upp Season 2) की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है. शो के फैंस लंबे समय से इसकी वापसी का इंतजार कर रहे थे और अब उनकी यह इच्छा पूरी होने जा रही है.

साल 2022 में आया था पहला सीजन
बता दें कि साल 2022 में शुरू हुए ‘लॉक अप’ (Lock Upp) को मशहूर निर्माता एकता कपूर (Ekta Kapoor) ने तैयार किया था. शो की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा फॉर्मेट था. जहां अधिकांश रियलिटी शोज में कंटेस्टेंट्स को लग्जरी सुविधाओं से भरे घर में रखा जाता है, वहीं ‘लॉक अप’ में उन्हें जेल जैसे माहौल में रहना पड़ता है. शो की टैगलाइन ‘बैडऐस जेल, अत्याचारी खेल’ ने शुरुआत से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था. इस अलग अंदाज ने शो को बाकी रियलिटी कार्यक्रमों से बिल्कुल अलग पहचान दिलाई. इस शो की होस्टिंग एक बार फिर बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) करती नजर आ सकती है.
कब और कहाँ देख सकेंगे शो
जानकारी के अनुसार, शो ‘लॉक अप 2’ (Lock Upp Season 2) को 27 जून 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा. इस शो का पहला सीजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया गया था. इस बार शो पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण और रोमांचक होने वाला है. मेकर्स का दावा है कि कंटेस्टेंट्स को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा, जो पहले सीजन से कहीं अधिक कठिन होंगी. भारत की कई चर्चित और विवादित हस्तियों को एक ही छत के नीचे बंद रखा जाएगा, जहां उन्हें टास्क, रणनीति और मानसिक मजबूती के दम पर खुद को साबित करना होगा.
हालांकि, अब तक शो में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स के नामों का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन शो को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है. सोशल मीडिया पर भी लोग नए सीजन से जुड़ी हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं. शो के प्रमोशन ने भी लोगों का ध्यान खींचा. हाल ही में कई शहरों की सड़कों पर अजीबोगरीब नकाब पहने और हाथों में हथकड़ियां लगाए लोग दिखाई दिए थे. उस समय लोग इस रहस्य को समझ नहीं पाए थे, लेकिन अब साफ हो गया है कि यह ‘लॉक अप’ के नए सीजन का प्रमोशनल कैंपेन था.
मुनव्वर फारूकी थे पहले सीजन के विनर
बता दें कि ‘लॉक अप’ (Lock Upp) के पहले सीजन के विजेता स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) बने थे. उनकी जीत ने शो को और भी ज्यादा चर्चा में ला दिया था. अब देखना दिलचस्प होगा कि नए सीजन में कौन-कौन से चेहरे नजर आते हैं और आखिर किसके सिर सजता है जीत का ताज. इतना तय है कि ‘लॉक अप’ की वापसी एक बार फिर दर्शकों को भरपूर ड्रामा, विवाद और मनोरंजन का डोज देने वाली है.

