Lockdown in Pakistan: ईरान युद्ध के कारण पाकिस्तान में ऊर्जा संकट उत्पन्न हो गया है। इसके कारण शहबाज शरीफ सरकार ने पाकिस्तान में लॉकडाउन का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने पाकिस्तान में आज यानी 7 अप्रैल से रात में लॉकडाउन का ऐलान किया है। इस दौरान रात 8 के बाद मॉल और बाजार बंद हो जाएंगे। वहीं शादियां भी रात 10 बजे तक खत्म करने होंगे। यह फैसला बढ़ती वैश्विक ईंधन कीमतों और मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण लिया है, जिसका असर दुनिया के तमाम देशों पर पड़ रहा है।

शहबाज सरकार ने पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में बाजारों, शॉपिंग मॉल और वाणिज्यिक क्षेत्रों को रात 8 बजे बंद करने का फैसला लिया है। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा के कुछ प्रमुख शहरों में बाजार रात 9 बजे तक खुले रह सकते हैं। यह फैसला इस्लामाबाद में शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में आयोजित एक समीक्षा बैठक में लिया गया।

सरकार ने राहत के तौर पर गिलगित और मुजफ्फराबाद में एक महीने के लिए मुफ्त इंटरसिटी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा देने की घोषणा की है। ये उपाय मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक तेल और ऊर्जा की बढ़ती कीमतों से निपटने के लिए पाकिस्तान के प्रयासों के बीच आए हैं, जिससे आपूर्ति श्रृंखलाएं बाधित हुई हैं। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकारों ने भी इसी तरह की ऊर्जा-बचत पहलों के तहत बाजारों, रेस्तरां और वेडिंग हॉल को समय से पहले बंद करने के निर्देश दिए थे।

मेडिकल और फॉर्मेसी प्रतिबंधों से बाहर 

इसके अलावा, बेकरी, रेस्तरां और खाने-पीने की दूसरे दुकानें, मैरिज हॉल, टेंट और अन्य व्यावसायिक जगहें, जहां शादियां और अन्य समारोहों का आयोजन होता है, ये रात 10 बजे के बाद बंद कर दिए जाएंगे। बैठक में निजी संपत्तियों और घरों में रात 10 बजे के बाद शादी समारोह आयोजित करने पर प्रतिबंध लगाने का भी निर्णय लिया गया। हालांकि इन प्रतिबंधों से मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को बाहर रखा गया है। यह भी क्लीयर कर दिया गया है कि ये प्रतिबंध मंगलवार से ही लागू कर दिए जाएंगे यानी आज रात आठ बजे से पाकिस्तान में स्मार्ट लॉकडाउन लागू हो जाएगा।

ईंधन की कीमतों में भारी इजाफा

इस संकट के चलते पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। 6 मार्च को सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 55 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इसके बाद 2 अप्रैल को पेट्रोल की कीमत बढ़कर 458.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 520.35 रुपए प्रति लीटर हो गई है। हालांकि, बाद में सरकार ने अस्थायी राहत देते हुए पेट्रोल की कीमत घटाकर 378 रुपए प्रति लीटर कर दी। सरकार ने संकट के आर्थिक प्रभाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से व्यापक उपायों की भी शुरुआत की है, जिनमें प्रस्तावित चार दिवसीय कार्य सप्ताह, ईंधन भत्तों में कमी और सरकारी विभागों में व्यय में 20 प्रतिशत की कटौती शामिल है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m