पटना/आरा। राजधानी पटना के दानापुर इलाके में एक रेलवे लोको पायलट ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 30 वर्षीय जूली सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि पति मनोरंजन सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या पटना में की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को करीब 70 किलोमीटर दूर आरा की झाड़ियों में फेंक दिया।
बेटी के जन्म और दहेज को लेकर प्रताड़ना
जूली सिंह की शादी 2017 में भोजपुर निवासी मनोरंजन सिंह के साथ हुई थी। मृतका के पिता रंजीत सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही जूली को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। विवाद तब और गहरा गया जब 7 साल पहले जूली ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म से नाराज मनोरंजन अक्सर जूली के साथ मारपीट करता था और पैसों के लिए दबाव बनाता था।
हत्या को आत्महत्या बताने की रची साजिश
घटना सोमवार की है। मृतका के पिता के अनुसार, सोमवार सुबह मनोरंजन और उसके भाई चितरंजन ने जूली के साथ मारपीट की। इसके बाद मनोरंजन अपनी ड्यूटी पर चला गया। दोपहर में वापस लौटकर उसने अपने भाई के साथ मिलकर दुपट्टे से जूली का गला घोंट दिया। हत्या के बाद अपराध को छिपाने के लिए उन्होंने शव को पंखे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
70 किलोमीटर दूर लाश ठिकाने लगाने की कोशिश
साजिश यहीं खत्म नहीं हुई। दोनों भाइयों ने जूली के शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे गाड़ी में लादा और पटना से आरा ले गए। वे शव को सिन्हा घाट स्थित गंगा नदी में प्रवाहित करने की योजना बना रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस की गश्ती देख उनके हाथ-पांव फूल गए। पकड़े जाने के डर से आरोपी शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस ने सोमवार देर रात शव को बरामद किया और मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। दानापुर के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर पति मनोरंजन सिंह, देवर चितरंजन सिंह और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी घर छोड़कर फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

