राकेश चतुर्वेदी, आलीराजपुर/भोपाल। एमपी के आलीराजपुर जिले में ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव के बीच फैली पेट्रोल और डीजल बंद होने की अफवाहों का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। अफवाहों के चलते जिले के पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। जहां वाहन चालक डीजल-पेट्रोल लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डीजल की कमी की आशंका के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने की कोशिश करते दिखे। जिससे पंपों पर अव्यवस्था जैसी स्थिति बन गई। कई जगहों पर लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों ने इन अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
ये भी पढ़ें: खंडवा में अनोखा विरोध-प्रदर्शन: घुटनों के बल और लेटकर कलेक्ट्रेट पहुंचे लोग, जनसुनवाई में गाया भजन, बोले- इनके भी घर तोड़ दो भगवान
उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। वहीं जिला कलेक्टर नीतू माथुर ने भी स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और अन्य ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

