अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा शुक्रवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय परशुराम चौक स्थित भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा हवन कर पर्यावरण शुद्धि की कामना की गई। इसके बाद शहर में विराट शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान परशुराम और विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

मुख्य अतिथि का संदेश

कार्यक्रम में बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समिति सदस्यों कमल शर्मा, भारत शर्मा, जितेंद्र, मुकेश प्रधान और नीतू ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया, जबकि मंच का संचालन सुनील शास्त्री द्वारा किया गया।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक कुलदीप वत्स ने कहा, भगवान परशुराम सर्व समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सदैव धर्म की स्थापना और अन्याय के विरुद्ध लड़ाई लड़ी। आज के युवाओं को नशे और अपराध जैसी बुराइयों को त्याग कर अच्छी शिक्षा की ओर अग्रसर होना चाहिए। हमें अपने बच्चों को शिक्षित कर उच्च अधिकारी बनने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि समाज और राष्ट्र की उन्नति सुनिश्चित हो सके।

सामाजिक सौहार्द पर जोर

भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम हमारे आदर्श हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा ‘जोड़ने’ की राजनीति और विचारधारा में विश्वास रखता है और सभी 36 बिरादरियों को साथ लेकर चलने का काम करता है।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

इस भव्य समारोह में ब्राह्मण नेता नवीन जयहिंद, प्रदीप जोगी, सुनील शास्त्री, पन्नू मस्ता, सियाराम शर्मा, समाजसेवी राजू नांगल, उमेश भारद्वाज, सुधीर सरपंच, कमल कुमार, जयभगवान शर्मा, देवकांत शर्मा, केडी कुलदीप कौशिक, कालू कुडल, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, जेके शर्मा, रामबीर शर्मा और रविन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति व युवा उपस्थित रहे।