शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी में एक कॉलेज छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म, पहचान छिपाने और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों के मामले में ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी खुलकर सामने आई है। कमेटी ने पीड़िता से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया और चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सीएम हाउस का घेराव किया जाएगा।
आरोपी के दो साथियों पर भी धमकी देने का आरोप
कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील और इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी दोषी हो, उसे कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए। कमेटी ने सरकार और प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पीड़िता ने अपने मुस्लिम सहपाठी पर नाम और पहचान छिपाकर संबंध बनाने, ब्लैकमेल करने तथा शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। छात्रा के अनुसार सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। उसने आरोपी के दो साथियों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है।
कर्मचारी संघ फिर खोलेगा मोर्चाः लंबित मुद्दों को लेकर बनी आंदोलन की रणनीति,
पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की
पीड़िता ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है और महिला थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। उसका आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई में लापरवाही बरती तथा समझौते का दबाव बनाया। छात्रा का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया गया, जिससे उसका भरोसा कमजोर हुआ है। पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा, न्याय और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, इस मामले को लेकर शहर में सामाजिक संगठनों और नागरिकों के बीच गंभीर चर्चा तेज हो गई है।

