अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर के कोलगंवा थाना अंतर्गत गल्ला मंडी रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसे देखने के लिए राहगीरों की भारी हजूम इकट्ठा हो गया। वहीं सड़क पर हो रहे हंगामे की सूचना लगते ही कोलगंवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत कराते हुए कथित प्रेमी युवक को हिरासत में ले लिया है और जांच कार्रवाई में जुट गई है।
झखौरा निवासी ऋषि वर्मा ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में अनामिका वर्मा से हुई थी। ऋषि का आरोप है कि उसकी पत्नी का काफी समय से संजय नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। ऋषि ने बताया कि वह अपनी पत्नी की खराब सेहत के बावजूद सुबह उसके लिए खाना और दवा का इंतजाम करके काम पर गया था, लेकिन जब वह अचानक घर लौटा तो घर पर ताला लटका मिला। तलाश करने पर उसने अपनी पत्नी को गल्ला मंडी रोड पर संजय के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा और उसके कथित प्रेमी युवक को धर दबोचा, सड़क पर हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने कथित प्रेमी युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, वहीं पति और पत्नी को भी पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। ऋषि का कहना है कि उसने पहले भी कई बार अपनी पत्नी को समझाते हुए रंगे हाथों पकड़ा था, लेकिन इस बार उसने सीधे पुलिस की मदद ली है। फिलहाल कोलगंवा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

