न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक का गांव में ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका पता चलने पर लड़की के परिजनों ने लड़के के साथ मारपीट की और धमकी भी दी। जब इसकी शिकायत थाने में की तो वहां से भी डांटकर भगा दिया गया। जिससे आहत होकर प्रेमी ने खौफनाक कदम उठा लिया। यह पूरा मामला कोतमा थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
राजेश गुप्ता नामक लड़के ने सुसाइड कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। वह गांव में ही एक लड़की से प्रेम कर रहा था। लड़की के परिजनों ने लड़के के साथ मारपीट व धमकी दी गई जिसकी शिकायत कोतमा थाना लेकर पहुंचा। जहां पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की और उसे डांटकर भगा दिया। इससे आहत होकर राजेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
ये भी पढ़ें: एंबुलेंस में इश्कबाजी! सड़कों पर सायरन बजाती दौड़ती रही थी Ambulance, मरीज की जगह मिली लड़की
सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
घटना के बाद मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस उनकी शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करती तो आज यह नौबत नहीं आती। चक्काजाम के दौरान यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
हंगामे का बाद स्थिति नियंत्रित
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए जाएं। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


