LPG Commercial Cylinder Price Hike: मई के पहले दिन महंगाई (inflation) बम फूटा है।  पश्चिम बंगाल-असम समेत 5 राज्‍यों में विधानसभा चुनाव खत्‍म होते ही तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर (LPG Commercial Cylinder) के दाम में भारी बढ़ोतरी की है। ये बढ़ोतरी 19 किलो के साथ ही 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडरों में भी की गई। केल कंपनियों ने 19 किलो वाले  कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये और 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम में 261 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है।

अप्रैल महीने में भी छोटू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी हुई थी। कमर्शियल के साथ बीते महीने छोटू सिलेंडर के दाम भी बढ़े थे। 1 अप्रैल 2026 को 5 किलो वाले इस सिलेंडर के दाम में 51 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जो कि इस बार 261 रुपये प्रति सिलेंडर हुई है।

इस बढ़ोतरी के बाद देश भर में होटल और रेस्‍टोरेंट के बिल बढ़ जाएंगे। साथ ही बाकी खाने वाली चीजों के दाम में भी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा, स्‍ट्रीट फूड के दाम भी बढ़ सकती है। चाय से लेकर समोसे तक के दाम में इजाफा हो सकता है। 

चार महीने में 1430 रुपये की हुई बढ़ोतरी

बीते अप्रैल महीने में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े थे। इस महीने के पहले ही दिन इनके दाम बढ़ गए हैं। इस साल कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। साल की शुरुआत में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर यह सिलेंडर 1669 रुपये में मिल रहा था। वहीं 1 मई तक इसकी कीमत बढ़कर 3099 रुपये पहुंच गई है। यानी अब तक कुल 1430 रुपये का इजाफा हो चुका है। अगर महीने वार बात करें तो जनवरी में 111 रुपये, फरवरी में 49.50 रुपये, मार्च में 141.50 रुपये और अप्रैल में 195 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई।

कैसे मिलता है छोटू सिलेंडर

यह सिलेंडर खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है या जो बार-बार एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट होते रहते हैं। इस स्कीम के तहत भारत पेट्रोलियम का भारत गैस मिनी और इंडियन ऑयल का इंडेन छोटू नाम से 5 किलो का सिलेंडर उपलब्ध है। सबसे बड़ी सुविधा यह है कि इसे खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ देना जरूरी नहीं होता। आप सिर्फ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे किसी भी वैध सरकारी पहचान पत्र के जरिए इसे आसानी से खरीद सकते हैं।

रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी नहीं
राहत की बात है कि फिलहाल रसोई गैस के दाम नहीं बढ़े हैं। आखिरी बार रसोई गैस के दाम में इसी साल 7 मार्च को इजाफा हुआ था। अभी दिल्‍ली में रसोई गैस की कीमत 913 रुपये है। मुंबई में 14.2 किलो रसोई गैस की कीमत 912.50 रुपये है। चेन्‍नई में 14.2 किलो वाले रसोई गैस के दाम 928.50 रुपये है। कोलकाता में एक सिलेंडर की कीमत 939 रुपये है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m