Business Desk – LPG Cylinder Price Today : देशभर में घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमतों में आज यानी 10 जुलाई को भी कोई बदलाव नहीं किया गया है. कई दिनों से 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के रेट स्थिर बने हुए हैं. ऐसे में फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत जरूर मिली है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है. माना जा रहा है कि अगर ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की तेजी जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में तेल कंपनियां गैस सिलेंडर की कीमतों की दोबारा समीक्षा कर सकती हैं.

1 जुलाई को कमर्शियल सिलेंडर हुआ था सस्ता

घरेलू सिलेंडर के दाम भले नहीं बदले हों, लेकिन 1 जुलाई को 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपए की बड़ी कटौती की गई थी. इसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का रेट 2930 रुपए पर आ गया. वहीं घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 942 रुपए प्रति सिलेंडर बनी हुई है. इस कटौती से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को राहत मिली थी.

दिल्ली से मुंबई तक जानिए आज आपके शहर में कितना है गैस सिलेंडर का रेट

राजधानी दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर 942 रुपए में मिल रहा है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2930 रुपए का है. मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर 2885.50 रुपए में उपलब्ध है. कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर 3082 रुपए का है.

चेन्नई में घरेलू सिलेंडर 957.50 रुपए तथा कमर्शियल सिलेंडर 3106 रुपए में मिल रहा है. चंडीगढ़ में घरेलू सिलेंडर 951.50 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर 2954.50 रुपए का है. देहरादून में घरेलू सिलेंडर 961 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर 2983.50 रुपए में उपलब्ध है.

हैदराबाद में घरेलू सिलेंडर 934 रुपए जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2052.50 रुपए का है. गाजियाबाद और नोएडा में घरेलू सिलेंडर 968 रुपए तथा कमर्शियल सिलेंडर 3115 रुपए में मिल रहा है. तिरुवनंतपुरम में घरेलू सिलेंडर 939.50 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर 2930 रुपए का है.

कच्चे तेल में 6% उछाल, गैस सिलेंडर महंगा होने की बढ़ी आशंका

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में करीब 6 फीसदी का उछाल देखने को मिला. इसकी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव और युद्धविराम को लेकर बनी अनिश्चितता मानी जा रही है.

इस दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमत 5.2 फीसदी बढ़कर 78.02 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई और कारोबार के दौरान कुछ समय के लिए 80 डॉलर प्रति बैरल का स्तर भी पार कर गई.

ऊर्जा बाजार में आई इस तेजी का असर केवल कच्चे तेल तक सीमित नहीं है, बल्कि एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की लागत पर भी पड़ सकता है. यही वजह है कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर बाजार की नजरें तेल कंपनियों पर टिकी हुई हैं.

क्या अगले महीने महंगा हो सकता है घरेलू LPG सिलेंडर?

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो सरकारी तेल कंपनियां अगली मूल्य समीक्षा में गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर सकती हैं. हालांकि अभी तक कंपनियों की ओर से किसी बढ़ोतरी का संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन बाजार की मौजूदा स्थिति भविष्य में कीमतों पर असर डाल सकती है.

तेल कंपनियां कैसे तय करती हैं गैस सिलेंडर की कीमत?

इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) समय-समय पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों, डॉलर-रुपया विनिमय दर, परिवहन लागत और अन्य खर्चों की समीक्षा करती हैं. इन्हीं सभी कारकों के आधार पर घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के नए दाम तय किए जाते हैं.

फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को राहत जरूर मिली हुई है, लेकिन यदि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की तेजी बनी रहती है तो आने वाले समय में गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में अगली मूल्य समीक्षा पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.