चंडीगढ़। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रा से यौन उत्पीड़न के दावों के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं को देखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) प्रशासन अलर्ट हो गया है. यह किसी तरह की घटना ना घटे और माहौल सामान्य रहे इसके लिए पहले से एडवाइजरी जारी की गई है.

पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मंगलवार को विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें परिसर में शांति-सुरक्षा बनाए रखने की सलाह दी गई है साथ ही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा गया है. एडवाइजरी में यह भी लिखा गया है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दी जाए.

एडवाइजरी में विद्यार्थियों और स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें. इसके साथ ही इंटरनेट मीडिया या अन्य माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं को सत्यापित किए बिना आगे प्रसारित करने से बचने को कहा गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी से केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है. रजिस्ट्रार वाईपी वर्मा ने विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है और कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर अधिकारियों तक पहुंचाना आवश्यक है.