LSG vs PBKS IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 68वें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) की टीमें आमने-सामने होंगी। पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि टीम के सामने करो या मरो की स्थिति बनी हुई है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली PBKS ने सीजन के पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 में से 6 मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद टीम लगातार 6 मुकाबले हार चुकी है। फिलहाल पंजाब 13 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है। ऐसे में आज हार मिलने पर टीम का प्लेऑफ का सपना टूट जाएगा। वहीं, जीत हासिल करने के बाद भी पंजाब को रविवार को होने वाले अन्य मुकाबलों के नतीजों का इंतजार करना पड़ेगा।

दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। ऐसे में लखनऊ की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीजन का अंत सम्मानजनक तरीके से करने पर होगी। घरेलू मैदान पर खेल रही LSG पंजाब के समीकरण बिगाड़ने की पूरी कोशिश करेगी, जिससे मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
बता दें कि LSG और PBKS के बीच यह मुकाबला आज शाम 7:30 बजे भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में LSG और PBKS के बीच मुकाबला पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा। यह मिक्स मिट्टी वाली पिच है, जिससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है। इस सीजन में लखनऊ में रेगुलर टाइम में खेले गए पांच मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का पलड़ा भारी रहा है, जहां चेज करने वाली टीमों ने 3 मुकाबले जीते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 2 मैचों में जीत मिली। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।
इकाना स्टेडियम के IPL रिकॉर्ड

इकाना स्टेडियम के IPL रिकॉर्ड की बात करें तो यहां अब तक 28 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 12 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 15 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। टॉस जीतने वाली टीमों ने 17 मैच अपने नाम किए हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 235/6 रहा है, जबकि सबसे छोटा स्कोर 108 रन दर्ज किया गया। वहीं, सफल रन चेज में सबसे बड़ा स्कोर 177/2 है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 174 रन के करीब रहा है, जबकि हर विकेट पर औसतन 27.95 रन और प्रति ओवर 8.79 रन बने हैं।
LSG बनाम PBKS हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक ज्यादा मुकाबले नहीं खेले गए हैं, लेकिन दोनों टीमों के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमें अब तक 7 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें पंजाब का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। PBKS ने 4 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि LSG को 3 मैचों में सफलता मिली है। वहीं, एक मुकाबला टाई भी रहा।
इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ने जा रही हैं। इससे पहले खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर जीत दर्ज की थी। ऐसे में LSG पिछली हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि PBKS अपनी बढ़त को और मजबूत करना चाहेगी।
LSG और PBKS की संभावित प्लेइंग 11

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)
मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, ऋषभ पंत (कप्तान एवं विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह, दिग्वेश सिंह राठी।
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रिंस यादव।
पंजाब किंग्स (PBKS)
प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, अज़मतुल्लाह ओमरजई, युजवेंद्र चहल, जेवियर बार्टलेट, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर: हरप्रीत बरार।
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से Star Sports के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

