LSG vs RCB IPL 2026: आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेंगलुरु को 9 रन से हराकर लगातार छह हार के सिलसिले को तोड़ दिया। इस मैच में मिचेल मार्श के विस्फोटक शतक और प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी ने LSG की जीत में अहम भूमिका निभाई।

बारिश के कारण मुकाबले को 19-19 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर RCB ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। इसके बाद DLS नियम के तहत बेंगलुरु को जीत के लिए 213 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।

मिचेल मार्श ने खेली शतकीय पारी

लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और 9 छक्के लगाए। मार्श को जोश हेजलवुड ने जैकब बेथेल के हाथों कैच कराया। अर्शिन कुलकर्णी ने 24 गेंदों में 17 रन बनाए और क्रुणाल पंड्या का शिकार बने। वहीं निकोलस पूरन ने 23 गेंदों पर 38 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। पूरन को रासिख सलाम डार ने आउट किया।

वहीं कप्तान ऋषभ पंत ने अंत तक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। एडेन मार्करम 1 रन बनाकर नाबाद लौटे।

बेंगलुरु की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या और रासिख सलाम डार ने एक-एक विकेट हासिल किया।

बेंगलुरु की पारी (LSG vs RCB IPL 2026)

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत बेहद खराब रही। विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि जैकब बेथेल भी सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने 25 गेंदों में 34 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। कप्तान रजत पाटीदार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा केवल 1 रन ही बना सके।

मध्यक्रम में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 40 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच को रोमांचक बना दिया। वहीं क्रुणाल पंड्या ने 16 गेंदों में नाबाद 28 रन और रोमारियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए, लेकिन टीम निर्धारित 19 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी और लखनऊ ने मुकाबला 9 रन से अपने नाम कर लिया।

प्रिंस यादव ने झटके 3 विकेट

लखनऊ की ओर से युवा गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट झटके। शाहबाज अहमद ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद शमी को 1 सफलता मिली।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (LSG vs RCB IPL 2026)

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अक्षत रघुवंशी, हिममत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव

इम्पैक्ट प्लेयर: मयंक यादव

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार, जोश हेजलवुड

इम्पैक्ट प्लेयर: जॉर्डन कॉक्स, टिम डेविड, मंगेश यादव, विक्की ओस्टवाल, वेंकटेश अय्यर

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H