लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेता और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. अखिलेश यादव सुबह करीब 11:30 बजे लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर नमन किया. अखिलेश के पहुंचते ही पार्क में मौजूद सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं में उनसे मिलने की होड़ लग गई. कार्यकर्ताओं ने चारों ओर से उन्हें घेर लिया और जमकर नारेबाजी की.

इसे भी पढ़ें- ‘2027 में सपा का खेल खत्म’ केशव मौर्य का बड़ा दावा, राम मंदिर से ज्ञानवापी-मथुरा तक विपक्ष को घेरा

गोल्फ कार्ट से पहुंचे अखिलेश, भीड़ में हुई धक्का-मुक्की

जनेश्वर मिश्र पार्क में अखिलेश यादव गोल्फ कार्ट से प्रतिमा स्थल तक पहुंचे. जैसे ही वह गोल्फ कार्ट से उतरकर पैदल आगे बढ़े, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके आसपास जमा हो गए. भीड़ के दबाव के बीच अखिलेश को हल्का धक्का भी लगा. स्थिति संभालने के लिए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. सुरक्षा घेरे के बीच अखिलेश यादव को प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया गया.

श्रद्धांजलि के बाद सपा कार्यालय रवाना हुए अखिलेश

प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अखिलेश यादव सपा कार्यालय के लिए रवाना हो गए. यहां पार्टी की ओर से ब्राह्मण समाज को जोड़ने के लिए ‘प्रबुद्धजन सम्मेलन’ आयोजित किया गया है. इस सम्मेलन में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज से जुड़े सपा नेता और पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं. पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश में जुटी है.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सदन में संग्राम, स्पीकर महाना बोले- ‘मैं दुखी हूं…’, सपा विधायक के निलंबन से बढ़ा सियासी घमासान

ब्राह्मण वोट बैंक पर सपा की नजर, चुनावी रणनीति पर चर्चा

प्रबुद्धजन सम्मेलन में समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेगी. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, जनेश्वर मिश्र की जयंती के मौके पर ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम का आयोजन सपा की सामाजिक पहुंच बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए विभिन्न वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है.