लखनऊ। राजधानी के अलीगंज इलाके के एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 15 स्टूडेंट्स की जिंदा जलने से मौत हो गई। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घटना पर दुख जताया और मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है।
घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे
प्रधानमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। बचाव अभियान चल रहा है और अधिकारी हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रत्येक मृतक के परिजनों को दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मृतकों के प्रति गहरा दुख जताते हुए कहा कि लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ है, जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अब तक 15 स्टूडेंट्स की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग बुरी रह झुलस गए है। जिन्हें आनन फानन में नजदीकी अस्पताल में एडमिट किया गया है। दमकल की 14 से अधिक गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की मदद से रेस्क्यू टीमें अभी भी अंदर फंसे संभावित लोगों को निकालने का प्रयास कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली प्राथमिकता अंदर फंसे हर एक व्यक्ति तक पहुंचना है।

