लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान के दौरान नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर लाठी-डंडों से हमला और पथराव किया गया. हमले में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल समेत नगर निगम के तीन कर्मचारी घायल हुए, जबकि चार सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
लखनऊ. पारा थाना क्षेत्र की आदर्श विहार और जनता विहार कॉलोनी में रविवार को अवैध डेयरियों और पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर हमला कर दिया गया. टीम द्वारा भैंसों को वाहनों में लादने की कार्रवाई शुरू करते ही पशुपालकों और घोसियों की भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला किया और पथराव शुरू कर दिया.
हमले में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. नगर निगम के तीन कर्मचारी भी चोटिल हुए हैं. उपद्रवियों ने नगर निगम के चार सरकारी वाहनों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
शिकायत पर पहुंची टीम
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग को जनता विहार, आदर्श विहार और गढ़ियाना मैदान के आसपास अवैध रूप से पशुपालन और गंदगी फैलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों का संज्ञान लेते हुए रविवार को नगर निगम की कैटल कैचर टीम पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची थी.
कार्रवाई के दौरान टीम ने 18 भैंसों को पकड़कर कैटल कैचर वाहनों में चढ़ाना शुरू किया. इसी दौरान दर्जनों पशुपालक लाठी-डंडे लेकर एकजुट हो गए और नगर निगम कर्मियों तथा सुरक्षा गार्डों के साथ हाथापाई शुरू कर दी.
इसके बाद भीड़ ने चारों तरफ से पथराव कर दिया. अचानक हुए हमले से इलाके में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पथराव में नगर निगम की चार गाड़ियों के आगे के शीशे चकनाचूर हो गए.
चौकी प्रभारी घायल
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल के सिर में पत्थर लग गया, जिससे वह लहूलुहान हो गए. नगर निगम के तीन अन्य कर्मचारियों को भी गंभीर चोटें आईं.
घटना की सूचना मिलते ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अभिनव वर्मा और पारा प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और घिरे हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला.
मुकदमा दर्ज
पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की तहरीर पर जानलेवा हमला, पथराव, बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने मौके से कई हमलावरों को हिरासत में लिया है. आसपास के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.


