लखनऊ के तालकटोरा क्षेत्र में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति रोहित को गिरफ्तार किया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने और दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है.
लखनऊ. राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति रोहित को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि पति ने पत्नी रागिनी की गला दबाकर हत्या की और घटना को छिपाने के लिए मौत को अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला बताने की कोशिश की.
पुलिस के मुताबिक, मृतका के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिलने के बाद मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी थी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने और दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है.
नौ साल पहले हुई शादी
पुलिस को दी शिकायत में उन्नाव निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उनकी 29 वर्षीय बेटी रागिनी की शादी करीब नौ वर्ष पहले पारा के जाहिद नगर भपटामऊ निवासी रोहित से हुई थी. दंपती की आठ वर्ष की एक बेटी भी है.
रोहित कृष्णा नगर क्षेत्र के एक सैलून में काम करता है और फिलहाल पत्नी के साथ तालकटोरा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था. रागिनी के मायके वालों का आरोप है कि पिछले दो साल से रोहित उसके चरित्र पर शक करता था.
परिजनों के मुताबिक, रोहित पत्नी पर किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने का आरोप लगाकर उसके साथ आए दिन मारपीट करता था.
शव देखकर हुआ शक
बीते मंगलवार को रोहित ने ससुराल वालों को फोन कर बताया कि रागिनी की अचानक मौत हो गई है. सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो उन्होंने रागिनी के गले समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट और गहरे खरोंच के निशान देखे.
परिजनों ने मौत की वजह पूछने के साथ शव का पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही. आरोप है कि इसके बाद रोहित बहाने बनाने लगा और अंतिम संस्कार जल्द कराने की कोशिश करने लगा.
इससे मायके वालों को मौत को लेकर संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
पोस्टमॉर्टम में खुलासा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने रागिनी की मौत का कारण गला दबाना और दम घुटना बताया. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इसे बीमारी या स्वाभाविक मौत नहीं माना.
तालकटोरा थाना प्रभारी कुलदीप दुबे के मुताबिक, मृतका के पिता राकेश कुमार की तहरीर पर आरोपी पति रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.



