लखनऊ. जानकीपुरम में बिजली विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है. टीम मौके पर बिजली चोरी की जांच करने गई थी. जहां हमलावरों ने टीम के सदस्यों को दौड़ाकर पीटा. इतना ही नहीं जेई पर पालतू कुत्ता भी छोड़ा गया. कुत्ते के हमले में जेई गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं हमले में कुल 5 बिजली कर्मी घायल बताए जा रहे हैं. जेई अशोक कुमार ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बता दें कि इन दिनों यूपी में बिजली का मुद्दा चर्चा में है. आपूर्ति लेकर लगातार अलग-अलग क्षेत्रों से शिकायतें आ रही हैं. कहीं बिजली घरों का घेराव किया जा रहा है. तो कहीं पर धरना प्रदर्शन हो रहा है. सभी की मांग निर्बाध बिजली आपूर्ति है. लोगों की शिकायत है कि कई क्षेत्रों में घंटों-घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो रही है. लंबे समय तक कटौती के नाम पर बिजली गुल रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : बिजली संकट पर सियासत: अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, कहा- मुख्यमंत्री ने अपने पूरे कार्यकाल में बिजली का एक भी नया कारखाना नहीं लगाया
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव सरकार पर लगातार हमलावर हैं. बुधवार को ही उनका एक बयान सामने आया जिसमें वे कह रहे हैं कि ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते हैं. अगर आते हैं तो माननीय से अनुरोध है कि उनके ‘कंधे पर हाथ रखकर’ एक तस्वीर आप पोस्ट कर दीजिए, जनता को आपकी ‘आपसी गर्मी’ से तो राहत मिल जाएगी क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं. उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बिजली के सब-स्टेशनों पर पीएसी लगती है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठी लिखकर, जनता के आक्रोश से बचने का कायराना काम करते हैं.
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि आज प्रदेश की जनता बिजली के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है. जगह-जगह लोग सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे है. सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने और बिजली देने के बजाय तरह-तरह के कुतर्क कर जनता को गुमराह करने का पाप कर रही है.

