लुधियाना। समराला चौक स्थित नरेंद्र नगर इलाके में रविवार को बच्चा चोरी की कोशिश का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक अज्ञात महिला ने घर के बाहर खड़ी कार की खिड़की से 5 साल की बच्ची को खींचकर अगवा करने का प्रयास किया। हालांकि, बच्ची के पिता की मुस्तैदी के चलते आरोपी महिला को मौके पर ही दबोच लिया गया।
इलाका निवासी मनमीत सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने 5 वर्षीय जुड़वां बच्चों (बेटा गुनकीरत और बेटी गुमकीरत) के साथ गुरुद्वारा साहिब जाने के लिए कार में सवार हुए थे। जैसे ही उन्होंने कार को बैक करना शुरू किया, वहां खड़ी एक अज्ञात महिला ने कार की पिछली खिड़की (जिसका शीशा खुला था) के अंदर हाथ डाला और उनकी बेटी को बाहर खींचने की कोशिश की। मनमीत सिंह ने तुरंत शोर मचाया और कार से बाहर निकलकर महिला को पकड़ लिया।
पकड़े जाने पर मानसिक विक्षिप्त होने का किया नाटक
शोर सुनकर मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। लोगों का आरोप है कि खुद को फंसता देख महिला ने मानसिक रूप से परेशान होने का नाटक शुरू कर दिया। जब स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की, तो वह गोल-मोल जवाब देने लगी। इस दौरान गुस्से में आए लोगों और मोहल्ले की महिलाओं ने पकड़ी गई महिला की जमकर पिटाई भी की। पकड़ी गई महिला ने अपनी पहचान अनीता के रूप में बताई है। पूछताछ के दौरान उसने अपहरण के आरोपों को नकारते हुए कहा कि मैंने बच्चा नहीं उठाया, वह खुद मेरे पास आई थी। जब उससे नशे के बारे में पूछा गया तो उसने इससे साफ इनकार कर दिया। दूसरी ओर, पीड़ित बच्ची के पिता का दावा है कि महिला पूरी तरह होश में है और उसका मकसद बच्ची को अगवा कर आगे बेचना था।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी धर्मपुरा (थाना डिवीजन नंबर 3) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसआई राम मूर्ति ने बताया कि महिला को हिरासत में ले लिया गया है। थाने में उसकी वेरिफिकेशन की जा रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
- उत्तराखंड के 5 जिलों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’, आपात स्थिति के लिए टोल-फ्री 1070 सक्रिय!
- Apple ने पेश किया नया MacBook Pro : पहली बार मिला टचस्क्रीन और OLED डिस्प्ले, साथ में M5 Pro-Max चिप्स की पावर
- CG Crime News: अवैध सूदखोरी और प्रताड़ना का आरोप, दो महिलाएं गिरफ्तार, 3.80 लाख रुपये नगद जब्त
- Ayushmaan Sethi Engagement: अर्चना पूरन सिंह के छोटे बेटे आयुष्मान सेठी ने की सगाई, इटली में घुटनों पर बैठ समीक्षा को पहनाई रिंग
- कार खरीदने का क्रेज और असल जरूरत : इन 5 महंगे फीचर्स पर पैसे खर्च करने से पहले दो बार सोचें

