लुधियाना। शहर के शहीद भगत सिंह नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नामी प्रॉपर्टी डीलर ने मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी के चलते जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 52 वर्षीय परविंदर उर्फ रिंपी अनेजा के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए 11 लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात रिंपी अनेजा ने सल्फास की गोलियां निगल ली थीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में DMC अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि रिंपी पहले से ही सदमे में थे क्योंकि महज 20 दिन पहले ही उनकी माता का निधन हुआ था। उनका बेटा फिलहाल कनाडा में रहता है।

वीडियो में 11 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
खुदकुशी जैसा खौफनाक कदम उठाने से पहले रिंपी ने एक इमोशनल वीडियो बनाया। इस वीडियो में उन्होंने एक महिला समेत 11 प्रभावशाली लोगों के नाम लिए हैं। रिंपी ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनके करोड़ों रुपये दबा रखे थे। बार-बार मांगने पर भी वे पैसे वापस करने से इनकार कर रहे थे। पैसे न मिलने और इन लोगों के दबाव के कारण वे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थे। वीडियो में रिंपी ने मुख्य रूप से राजेश बंसल, सियाल, हरप्रीत सिंह और खुशवंत सिंह जैसे नामों का जिक्र किया है। गुरुवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने वीडियो साक्ष्य और परिवार के बयानों को कब्जे में ले लिया है। वीडियो में नामजद सभी 11 व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।
- Palamu Crime: लापता नाबालिग का घर के कुएं में मिला शव, ऑनर किलिंग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
- नहीं रही उम्र बढ़ने की चिंता: शासकीय सेवा के लिए 45 वर्ष थक कर सकेंगे आवेदन, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू…
- HC का ऐतिहासिक फैसला! EWS उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 साल की छूट, 45 की उम्र में भी बन सकेंगे सहायक ग्रेड-III
- भाई वीरेंद्र सिर्फ हंसी के पात्र बन रहे हैं… राजद विधायक पर रामकृपाल यादव का तीखा हमला
- सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान को लेकर CS विकासशील ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश



