FIFA World Cup 2026: ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर पर हल्के-फुल्के अंदाज़ में की गई टिप्पणी से सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान लूला ने मुस्कुराते हुए नेमार को “दुनिया का पहला वर्क फ्रॉम होम नेशनल खिलाड़ी” कह दिया, जिसके बाद यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है।

राष्ट्रपति लूला उस समय सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े एक कार्यक्रम में बच्चों से बातचीत कर रहे थे। जब एक बच्चे ने नेमार को ब्राज़ील का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बताया, तो लूला ने हँसते हुए कहा कि नेमार अभी खेल नहीं रहे हैं और मज़ाक में उन्हें “वर्क फ्रॉम होम खिलाड़ी” बता दिया। उन्होंने आगे यह भी जोड़ा कि कभी-कभी लगता है कि टीम चुनने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से 11 पेले की टीम बनानी पड़ेगी।

इस टिप्पणी के बाद फुटबॉल जगत और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया, हालांकि इसे अधिकतर लोग एक हल्के-फुल्के मज़ाक के रूप में ही देख रहे हैं।

चोट के कारण बाहर रहे नेमार

34 वर्षीय नेमार जूनियर दाईं पिंडली (काफ) की चोट के कारण फीफा वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती दो मैचों में ब्राज़ील की टीम का हिस्सा नहीं बन सके। यह चोट उन्हें 17 मई को अपने क्लब सैंटोस एफसी के लिए खेलते समय लगी थी, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी थी।

उनकी गैरमौजूदगी में ब्राज़ील ने मोरक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला, जबकि हैती को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाए।

स्कॉटलैंड के खिलाफ वापसी कर सकते है नेमार

मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने संकेत दिए हैं कि नेमार स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में मैदान पर वापसी कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह ब्राज़ील के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला साबित होगा।

नेमार के करियर का निर्णायक दौर

नेमार का यह चौथा विश्व कप है और इसे उनके करियर का अंतिम विश्व कप भी माना जा रहा है। इससे पहले वह 2014, 2018 और 2022 में ब्राज़ील का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन अब तक देश को विश्व कप खिताब नहीं दिला पाए हैं।

अब तक नेमार ने 128 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 79 गोल किए हैं और वह ब्राज़ील के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर बन चुके हैं, जिससे उनकी वापसी को टीम की खिताबी उम्मीदों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H