IPL 2026: आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में फील्डिंग के दौरान गंभीर चोट लग गई थी। यह घटना बीते शनिवार दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए 35वें लीग मैच के दौरान हुई, जब एनगिडी एक कैच पकड़ने की कोशिश में संतुलन खो बैठे और पीछे गिरते हुए उनके सिर के पिछले हिस्से में चोट लग गई।

चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत मैदान से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। शुरुआती स्थिति को लेकर फैंस और टीम प्रबंधन में चिंता का माहौल था। इस बीच अब लुंगी एनगिडी ने अपनी हालत को लेकर अपडेट दिया है।
सोशल मीडिया पर दिया हेल्थ अपडेट

लुंगी एनगिडी ने अब अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी साझा कर अपनी हालत को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने फैंस का धन्यवाद करते हुए लिखा कि उनकी स्थिति अब ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। इस अपडेट के बाद साफ हो गया है कि एनगिडी खतरे से बाहर हैं और जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, चोट के बाद उन्हें दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां कुछ समय तक निगरानी में रखने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
हाई स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब की जीत
यह मुकाबला बेहद हाई स्कोरिंग रहा, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। केएल राहुल ने नाबाद 152 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि जवाब में पंजाब किंग्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को 18.5 ओवर में 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
सीजन में दिल्ली का प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक आईपीएल 2026 में 7 मैच खेले हैं, जिनमें से 3 में जीत और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। एनगिडी की चोट को लेकर अपडेट आने के बाद टीम और फैंस ने राहत की सांस ली है और अब उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द ही पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

