विनोद सैनी /हिसार. लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में आयोजित इंटरक्लास कबड्डी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एडीएसडब्ल्यू (स्पोर्ट्स) डॉ. यशवंत सिंह तथा कबड्डी क्लब के अध्यक्ष डॉ. रवि दत्त भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करते हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना एवं अनुशासन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
बालिका वर्ग में प्रथम वर्ष की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन में से दो मुकाबले जीतकर इंटर क्लास कबड्डी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में वी.एल.डी.डी. द्वितीय वर्ष की टीम ने बी.वी.एससी. चतुर्थ वर्ष की टीम को 47-42 के स्कोर से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। बी.वी.एससी. चतुर्थ वर्ष की टीम उपविजेता रही। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने का अवसर प्रदान किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बी.वी.एससी. चतुर्थ वर्ष के छात्र संजीत को “मैन ऑफ द मैच” तथा “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं वी.एल.डी.डी. प्रथम वर्ष के हिमांशु को “बेस्ट रेडर” तथा वी.एल.डी.डी. द्वितीय वर्ष के पुनीत को “बेस्ट डिफेंडर” का पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. यशवंत सिंह, एडीएसडब्ल्यू (स्पोर्ट्स), ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाती हैं। समारोह का समापन विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर किया गया।
- बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी का नाम बदलने के प्रस्ताव से छिड़ी नई बहसः राजा भोज बनाम मौलाना बरकतउल्ला पर बंटे विचार
- नालंदा के शीतला तालाब में तैरता मिला अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
- विश्व पर्यावरण दिवस पर लुवास का जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- Rajasthan News: जयपुर जल जीवन मिशन घोटाले में रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल के खिलाफ चार्जशीट हुई पेश
- बवानीखेड़ा तोड़फोड़: पीड़ित परिवारों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, पुनर्वास के लिए DC को सौंपा ज्ञापन

