विनोद सैनी /हिसार. विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में 3 से 5 जून तक आयोजित की जा रही पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों की श्रृंखला के अंतर्गत आज प्राणवायु क्लब द्वारा एचएयू गेट नंबर-4 पर “हमारा पर्यावरण, हमारी जिम्मेदारी” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

यह संपूर्ण आयोजन लुवास के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा स्वच्छता जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाकर समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करें। डॉ. गुप्ता ने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे रचनात्मक माध्यम जनसामान्य तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं और विद्यार्थियों की ऐसी पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करती है।

कार्यक्रम में प्रणवायु क्लब की अध्यक्ष डॉ. दीपिका, सदस्य समन्वयक डॉ. अमन देव मौदगिल, सदस्य सचिव डॉ. राजेश, कोषाध्यक्ष डॉ. सुमन बिश्नोई तथा क्लब के सदस्य डॉ. तेज प्रकाश, डॉ. संदीप सहारण एवं डॉ. सोनू सहित क्लब के सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकास और औद्योगीकरण के नाम पर होने वाली अंधाधुंध पेड़ों की कटाई तथा उसके दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में दर्शाया गया कि वृक्षों की अंधाधुंध कटाई का सीधा प्रभाव वन्य एवं पालतू पशुओं पर पड़ता है। जंगलों और हरित क्षेत्रों के समाप्त होने से पशु-पक्षियों का प्राकृतिक आवास नष्ट हो रहा है, जिससे उन्हें भोजन और आश्रय के लिए संघर्ष करना पड़ता है। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं की सुरक्षा भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। एक पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय होने के नाते लुवास के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए सभी जीवों के लिए सुरक्षित एवं हरित वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

नाटक में भाग लेने वाले छात्र सदस्यों में विजय जागलान, अभिनव, शुभम, प्रार्थना, अक्षु, विश्वास यादव, स्नेहा, विश्वजीत, सानवी धत्तरवाल, साहिल लांबा, कार्तिक, सुमित कुमार, रितिक एवं सहजप्रीत शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना समय की मांग है तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया। उपस्थित दर्शकों ने विद्यार्थियों के अभिनय एवं सामाजिक संदेश की सराहना करते हुए इस पहल को पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।