Business Desk – Luxury Property Market Prices : देश के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में लग्जरी घरों की मांग लगातार बढ़ रही है. अमीर खरीदारों, एनआरआई और निवेशकों की मजबूत मांग के बीच अब नोएडा ने मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है. Savills India की नई रिपोर्ट के मुताबिक, अंडर-कंस्ट्रक्शन लग्जरी प्रोजेक्ट्स में सबसे तेज कीमतों का उछाल नोएडा में दर्ज किया गया है.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर 28% तक बढ़ीं कीमतें
रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बन रहे लग्जरी प्रोजेक्ट्स की औसत कीमतों में पिछले एक साल के दौरान 28% तक बढ़ोतरी हुई है. वहीं सेक्टर-150 में कीमतें करीब 13% बढ़ीं, जबकि नोएडा के अन्य इलाकों में लगभग 4% की वृद्धि दर्ज की गई.
विशेषज्ञों का कहना है कि बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे प्रोजेक्ट्स के कारण खरीदार तेजी से नोएडा का रुख कर रहे हैं.
रेडी-टू-मूव लग्जरी घरों में दिल्ली सबसे आगे
तैयार (रेडी-टू-मूव) लग्जरी घरों की बात करें तो दिल्ली सबसे आगे रही. यहां प्रीमियम घरों की कीमतों में 10% से 25% तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे ज्यादा तेजी साउथ-सेंट्रल दिल्ली में देखने को मिली, जहां लग्जरी फ्लोर की कीमतें एक साल में करीब 25% बढ़ गईं. इसके अलावा सेंट्रल दिल्ली और साउथ-वेस्ट दिल्ली के इलाकों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई.
मुंबई, बेंगलुरु और गुरुग्राम में भी बढ़े दाम
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में निर्माणाधीन लग्जरी घरों की कीमतों में 10% से 15% तक की बढ़ोतरी हुई. बेंगलुरु में यह वृद्धि 3% से 11% के बीच रही. वहीं गुरुग्राम में कीमतों में बढ़ोतरी अपेक्षाकृत कम रही और अधिकांश इलाकों में यह करीब 2% तक दर्ज की गई. हालांकि, गुरुग्राम में रिहायशी प्लॉट्स की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है.
प्रीमियम घरों का किराया भी तेजी से बढ़ा
Savills India की रिपोर्ट के अनुसार, लग्जरी घरों के किराए में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर किराए में सबसे ज्यादा 22% की वृद्धि दर्ज की गई.
दिल्ली में किराया 6% से 14%, नोएडा और बेंगलुरु में 5% से 14%, जबकि मुंबई में 1% से 12% तक बढ़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, कॉरपोरेट कर्मचारियों, एनआरआई और बड़े घरों की बढ़ती मांग के कारण प्रीमियम रेंटल मार्केट में तेजी बनी हुई है.

