भुवनेश्वर। ओडिशा के मयूरभंज जिले के खिचिंग में स्थित ऐतिहासिक एवं पवित्र मां किचकेश्वरी मंदिर का जल्द ही भव्य कायाकल्प होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस ऐतिहासिक तीर्थस्थल के समग्र विकास और सौंदर्यकरण के लिए PRASHAD (Pilgrimage Rejuvenation and Spiritual, Heritage Augmentation Drive) योजना के तहत 44.91 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है।

केंद्रीय मंत्री ने साझा की जानकारी

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस निर्णय की घोषणा करते हुए इसे ओडिशा में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया मील का पत्थर बताया है।

आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर जोर

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने संदेश में कहा कि ओडिशा में तीर्थ पर्यटन को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक नया मील का पत्थर है। पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के तहत ओडिशा के मयूरभंज स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर परिसर के विकास के लिए 44.91 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, हम भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए अपने पवित्र स्थलों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मंदिर परिसर में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

यह धनराशि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ‘तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन अभियान’ योजना के तहत स्वीकृत की गई है। इस महत्वाकांक्षी विकास परियोजना का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर के भीतर नागरिक और धार्मिक सुविधाओं को आधुनिक बनाना है। योजना के तहत मंदिर आने वाले भक्तों और पर्यटकों के लिए कतार प्रबंधन, विश्राम गृह, पेयजल, स्वच्छता और बेहतर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

मंदिर के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप से बिना किसी समझौते के आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। मयूरभंज जिले के इस प्रमुख धार्मिक स्थल के कायाकल्प से क्षेत्र में पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से न केवल देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का अनुभव बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H