रेणुअग्रवाल, धार। भोजशाला में आज सूर्योदय की पहली किरण के साथ मां वाग्देवी को गर्भगृह में विराजित हुईं। भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा सिर पर मां की तस्वीर लेकर आए। अखंड ज्योत को भोजशाला में लाया गया। वहीं 7 जोड़ों ने नवग्रह की पूजा की। यज्ञ कुंड को फूलों से सजाकर बसंत पंचमी की तरह उत्सव मनाया गया।

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी मां वाग्देवी के दर्शन करने भोजशाला पहुंचीं। उन्हीने दर्शन-पूजन किए और कहा कि मां वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन से बहुत जल्द भोजशाला लाया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार इसके लिए प्रयास करेगी। यहां पर अयोध्या की तर्ज पर विकास किया जाएगा।

वास्तु पूजा में बैठे कलेक्टर-SP
भोजशाला में वास्तु पूजा कार्यक्रम के दौरान धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा कुर्ता पायजामा पहनकर पहुंचे और कुछ देर वह वास्तु पूजा में बैठे। कलेक्टर ने कहा कि न्यायालय के निर्देशन पर ASI को जिम्मेदारी दी गई थी। एएसआई ने पूजा अर्चना के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। एसपी ने ने इस दौरान यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए आए हैं और न्यायालय के पूजा विधि और हाईकोर्ट की नियमों के अनुपालन में होनी थी. उसी को सुनिश्चित करने आए थे। काफी सारे नियमों का पालन किया जाना होता है। यह पुरातत्व विभाग के द्वारा संरक्षित भूमि है।

