मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा में सोमवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने नरदह पंचायत की मुखिया के देवर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान योगीराज निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (35) के रूप में हुई है। वह नरदह पंचायत की मुखिया रीता कुमारी के देवर थे। वारदात पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक के पास हुई। हमलावरों ने पहले बाइक में टक्कर मारकर विक्की को गिराया और फिर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद भागने की कोशिश कर रहे विक्की को दोबारा घेरकर गोलियां चलाई गईं। जानकारी के मुताबिक विक्की पिछले कुछ दिनों से नया टोला मध्य विद्यालय के मैदान में चल रहे बाउंड्रीवॉल निर्माण का काम देखने जा रहे थे। सोमवार शाम करीब छह बजे वह बुलेट बाइक से स्कूल पहुंचे थे। काम देखने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नया टोला चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। विक्की के गिरते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से बचने के लिए विक्की पैदल भागने लगे। बताया जा रहा है कि चौक से करीब 100 मीटर आगे फिर एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलियां बरसा दीं। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 20 राउंड फायरिंग की गई। विक्की के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं।

अस्पताल ले जाते समय मौत

फायरिंग की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल विक्की को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार और पुरैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

चुनावी रंजिश का लगाया आरोप

मुखिया रीता कुमारी ने हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पैक्स चुनाव में जीत के बाद से अमित चौधरी उनसे विरोध रखता था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में उनके देवर विक्की मेहता की हत्या कराई गई। मुखिया ने वारदात के समय नया टोला चौक पर कुछ लोगों के मौजूद होने की बात भी कही है। पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

विक्की पर 15 से ज्यादा मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार विक्की मेहता के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। सिंहेश्वर, रुपौली, उदाकिशुनगंज और पुरैनी थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 15 से अधिक केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। जून 2025 में उन्होंने उदाकिशुनगंज कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह क्षेत्र में सक्रिय था। वर्ष 2022 में राजद नेता और पूर्व मुखिया लाल यादव की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि विक्की को कितनी गोलियां लगीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। पुलिस हत्या के कारणों, आरोपियों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।