मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर मधुबनी जिले में सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक सभी 21 प्रखंडों में वोट डाले जाएंगे। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए वाट्सन स्कूल परिसर स्थित खेल भवन में पोलिंग पार्टियों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान चुनाव आयोग के एसओपी का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्रीफिंग के बाद पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों (P1, P2, P3), माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस बल के साथ सभी पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री देकर उनके गंतव्य केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया।



सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शांतिपूर्ण मतदान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांचों अनुमंडल अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट और अनुमंडल पुलिस अधिकारियों को जोनल पुलिस अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही 22 जिलास्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। ये अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान केंद्रों की निगरानी करेंगे और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
मतदाता और मतदान केंद्रों का आंकड़ा
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मधुबनी जिले में 32 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 29,093 मतदाता (21,523 पुरुष और 7,570 महिला) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 मतदान केंद्र तय किए गए हैं, जिनमें कुल 1,707 मतदाता (1,463 पुरुष और 244 महिला) शामिल हैं।
100 मीटर दायरे में धारा 144 और नियंत्रण कक्ष स्थापित
स्वतंत्र मतदान के लिए केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक बीएनएस/सीआरपीसी की धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान अनावश्यक जमावड़े और निजी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। चुनाव की सतत निगरानी के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष (06276-222576) तथा सभी अनुमंडलों में अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त तुषार कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

