मधुबनी। जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में एक बेहद दुखद और तनावपूर्ण घटना सामने आई है। यहां सिविल कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची जिला प्रशासन की टीम के सामने एक बुजुर्ग ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। इस आत्मदाह की कोशिश में बुजुर्ग राजेंद्र ठाकुर का शरीर करीब 75 प्रतिशत तक झुलस गया है।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल कोर्ट के आदेश पर प्रशासन की टीम अधवारी गांव में जमीन विवाद के निपटारे के लिए पहुंची थी। इस दौरान जब टीम अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर रही थी तब राजेंद्र ठाकुर ने इसका पुरजोर विरोध किया। प्रशासन और बुजुर्ग के बीच तीखी बहस और झड़प हुई, जिसके बाद आक्रोशित बुजुर्ग ने आत्मदाह जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया।
वीडियो में दिखा रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बुजुर्ग आग की लपटों में घिरा हुआ इधर-उधर भागता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग उसे बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं जबकि वहां तैनात पुलिस बल मूकदर्शक बना खड़ा नजर आता है। इस घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। माहौल बिगड़ता देख अंचलाधिकारी (CO) अभिषेक आनंद और अपर थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह मौके से चले गए। वहीं, गुस्साए ग्रामीणों ने कोर्ट कमिश्नर रत्नाकर झा को घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
जमीन विवाद की पुरानी रंजिश
परिजनों ने बताया कि राजेंद्र ठाकुर और महेंद्र यादव के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामले ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। परिजनों का दावा है कि पहले दो बार फैसला उनके पक्ष में आया था लेकिन हालिया आदेश महेंद्र यादव के पक्ष में होने से राजेंद्र ठाकुर मानसिक रूप से काफी परेशान थे।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे राजेंद्र
घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को पहले जिरौल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (DMCH) भेजा जा रहा है।
इस संवेदनशील मामले की सूचना मिलने पर डीएसपी अमित कुमार और एसडीओ शारंग पानी पांडेय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हंगामा करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

