मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। महज जमीन के टुकड़े और उस पर बने मकान को हटाने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबाड़ी गोठ गांव में शनिवार को दबंग पड़ोसियों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को सरेआम गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी रामचंद्र सिंह (60) के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा और भारी तनाव व्याप्त है।

​मकान हटाने को लेकर छिड़ा था संग्राम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार और उनके पड़ोसी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर तीखा विवाद चला आ रहा था। मृतक रामचंद्र सिंह के पुत्र संजीत कुमार ने बताया कि उनकी पैतृक जमीन पर पड़ोसी राम सुभत सिंह उर्फ सुमन कुमार ने अवैध रूप से अपना घर बना लिया था। पीड़ित पक्ष लगातार उस जमीन को खाली कराने और वहां से कब्जा हटाने का दबाव बना रहा था। संजीत का आरोप है कि इस मांग को लेकर आरोपी पक्ष अक्सर उग्र हो जाता था और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दिया करता था।

​घर हटवाने के दौरान चली गोली, तड़पते रहे बुजुर्ग

​शनिवार को विवाद उस समय चरम पर पहुंच गया जब पीड़ित परिवार अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटवा रहा था। इसी दौरान कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गई। आरोप है कि आक्रोश में आकर पड़ोसी राम सुभत सिंह ने अचानक पिस्टल निकाली और वृद्ध रामचंद्र सिंह पर सीधे गोली चला दी। सीने में गोली लगते ही रामचंद्र सिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और तड़पने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

​घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन और ग्रामीण घायल बुजुर्ग को लेकर जयनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही रामचंद्र सिंह की सांसें थम गईं। उधर, वारदात की सूचना मिलते ही जयनगर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।