मोहम्मद करीमुल्लाह/ मधुबनी। जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कोचिंग पढ़ने जा रही एक नाबालिग छात्रा को तीन युवकों ने रास्ते से अगवा कर लिया और एक सुनसान बगीचे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद से इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
कोचिंग जाने के दौरान दिया गया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह अपनी पढ़ाई के लिए घर से कोचिंग जाने के वास्ते निकली थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे तीन शोहदों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए अगवा कर लिया। आरोपी उसे जबरन एक सुनसान बगीचे में ले गए जहां इस कुकृत्य को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने हैवानियत की सभी हदें पार करते हुए नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद जब छात्रा बेदम होकर अचेत हो गई तो आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर डरकर भाग निकले।
झंझारपुर आरएस थाने में मामला दर्ज, पुलिस की दबिश जारी
घटना के बाद किसी तरह होश में आने पर डरी-सहमी पीड़िता ने पूरी आपबीती अपनी मां को बताई। बेटी पर बीती इस वज्रपात जैसी घटना से परिवार सदमे में है। पीड़िता की मां ने हिम्मत जुटाकर झंझारपुर आरएस थाना में लिखित आवेदन दिया। मां के आवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद युवकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पीड़िता के मेडिकल परीक्षण और उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
पुलिस प्रशासन का पक्ष: ग्रामीण एसपी का बयान
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए मधुबनी के ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने मीडिया को जानकारी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।


