कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया जारी है। सुबह 11.30 बजे तक 32.53 फीसदी मतदान हो चुका हैं। अब तक जिन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया है, वे अपने बूथ केंद्र पर पहुंचकर मतदान कर सकते है। मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी।
दतिया उपचुनाव में कुल 2 लाख 20 हजार मतदाता 21 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला EVM में कैद करेंगे। इस बीच पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मतदाता विकास और भारतीय जनता पार्टी को देख रहा हैं। पहले और अब में कुछ नहीं बदला है। हमने 15 साल में गुंडाराज खत्म किया था। कांग्रेस लोगों को बरगलाने का काम करती रही है। वहीं उन्होंने दावा किया है कि भाजपा के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की 25 हजार से अधिक वोट से जीत होगी।
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव 2026: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने की वोटिंग की अपील, बोले- ‘आपका वोट दतिया के विकास और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी’
त्रिकोणीय मुकाबला !
दतिया के दंगल में मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है। भाजपा के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव के बीच कांटे की टक्कर है।
पिछला चुनावी गणित: वोट प्रतिशत गिरा तो पलटा था पासा
दतिया का पिछला चुनावी रिकॉर्ड काफी दिलचस्प रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने 88,977 वोट (50.34% वोट शेयर) हासिल कर भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा (81,235 वोट, 45.96% वोट शेयर) को 7,742 वोटों के अंतर से हराया था। साल 2018 में दतिया में 76.80% मतदान हुआ था, जो 2023 में घटकर 73.62% (3.18% की गिरावट) रह गया था। कम वोटिंग प्रतिशत का सीधा असर नतीजों पर पड़ा था। आपको बता दें कि दतिया उपचुनाव का रिजल्ट तीन अगस्त को सामने आएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


