मध्य प्रदेश के तीन अलग-अलग शहरों से भीषण आगजनी की खबरें सामने आई हैं। पहली घटना उज्जैन-आगर रोड की है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी धुं-धुं कर जलकर खाक हो गई। वहीं धार जिले के गणपति घाट पर इंदौर से आ रही सेब से भरी आयशर अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और उसमें भीषण आग लग गई, हालांकि चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली। उधर, सतना के रामपुर बघेलान में बस स्टैंड स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में देर रात अचानक आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। तीनों ही घटनाओं में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौक़े पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

उज्जैन: आगर रोड पर खड़ी गाड़ी में लगी भीषण आग, जलकर खाक

प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन-आगर रोड पर नजरपुर के समीप स्थित गैस प्लांट के पास बीती रात एक भयानक हादसा सामने आया। यहां सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

धार: गणपति घाट पर 50 फीट गहरी खाई में गिरी आयशर, लगी भीषण आग

रेणू अग्रवाल, धार। राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट की नई सड़क पर मंगलवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंदौर से धामनोद की ओर सेब भरकर ले जा रही एक आयशर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन के केबिन में भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही धामनोद थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, वहीं आग लगने के कारणों की जांच धामनोद पुलिस कर रही है।

सतना: रामपुर बघेलान में ऑटो पार्ट्स की दुकान में लगी भीषण आग

अनमोल मिश्रा, सतना। सतना जिले के रामपुर बघेलान में बस स्टैंड के पास विधायक कॉम्प्लेक्स में संचालित ‘शेरू भाई’ की ऑटो पार्ट्स की दुकान में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान और उसमें रखे ऑटो पार्ट्स व अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भीषणता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस आगजनी में दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने का मुख्य कारण और कुल नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m