MP FIRE NEWS: मध्य प्रदेश के अलग-अलग जगहों से आगजनी की घटनाएं सामने आई है। खरगोन जिले के बड़वाह में मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में आग लग गई। बताया गया कि सुबह AC में शॉर्ट सर्किट की वजह से चिंगारी भड़क उठी। इधर, राजधानी भोपाल के रचना टावर में खड़ी कार धूं-धूंकर जल उठी। इछावर की एक मैदा फैक्ट्री में आगजनी हुई तो वहीं दमोह के हटा में तीन दुकानें जलकर राख हो गई। गनीमत रही इन हादसों में कोई जानहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में लगी आग
हर्षराज गुप्ता, खरगोन। बड़वाह में नर्मदा रोड स्थित मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बैंक खुलने के बाद साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान एसी चालू करते ही शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आग लगते ही बैंक परिसर में धुआं फैल गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। ब्रांच मैनेजर सुनील बिरला ने बताया कि आग लगने से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। बैंक में रखा कुछ फर्नीचर जरूर जल गया है।
भोपाल के रचना टावर में खड़ी कार में भड़की चिंगारी
शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रचना टावर में खड़ी एक कार में आग लग गई। जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज की थी कि रहवासियों में हड़कंप मच गया। आपको बता दे कि रचना टावर वीआईपी रेजिडेंशियन जोन है। यहां कई विधायक, सांसद और पूर्व मंत्रियों का निवास भी है।
इछावर में मैदा फैक्ट्री में लगी आग
अनिल मालवीय, इछावर। पिपलिया मीरा स्थित पनीर फैक्ट्री के पास बीती रात एक मैदा मिल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी एक ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वहीं आसपास रखे कृषि यंत्र भी आग की चपेट में आकर जल गए। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात है।
हटा में बड़ा बाजार में आगजनी की भीषण घटना, 3 दुकानें जली
बीडी शर्मा, दमोह। दमोह के हटा नगर के बड़ा बाजार में आगजनी की बड़ी घटना हुई। भीषण आगजनी में 3 दुकाने जलकर खाक हो गई। दुकानों में आग लगी देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। बाजार में आग की सूचना पर हटा नगरपालिका सीएमओ राजेंद्र खरे अमले के साथ मौके पर पहुंचे और हटा थाना पुलिस के साथ दमकल वाहन और जेसीबी से आग बुझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। आग लगने से किराना, कपड़ा और एक जूते की दुकान जलकर खाक हो गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।


