MP Crime News: मध्य प्रदेश में मंगलवार को अलग-अलग हिस्सों से क्राइम की खबरें आई है। जबलपुर में एक तरफ महिला से ठगी हुई है। वहीं राजधानी भोपाल में रिटायर्ड अधिकारी के घर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। ग्वालियर में पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले 2 तस्करों को धर दबोचा है। जानिए किस जगह कैसा क्राइम हुआ
जबलपुर में बुजुर्ग महिला से ठगी
कुमार इंदर, जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बुजुर्ग महिला से ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जालसाज ने अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर महिला से बातचीत की। फिर उसे विश्वास में लेकर अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपए ट्रांसफर करा लिए। अधारताल के न्यू रामनगर निवासी 60 वर्षीय किरण सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

भोपाल में रिटायर्ड अधिकारी के घर में तोड़फोड़
शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में हाउसिंग बोर्ड के एक आवास के विवाद में रिटायर्ड अधिकारी के घर में तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि परिवार को बंधक बनाकर बदमाश घर का सामान उठा ले गए। मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर ऑफिस में शिकायत की गई है।

पीड़ित अमल जैन ने बताया कि वह 20 साल से हाउसिंग बोर्ड के घर में रह रहे हैं। नियमित रूप से किराया जमा कर रहे हैं। लेकिन फिर भी आरोपी मकान खाली करने के लिए लगातार धमकियां दे रहे हैं। 30 अप्रैल को थाना टीटी नगर में उन्होंने लिखित शिकायत दी थी लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं की गई जिसके बाद पुलिस कमिश्नर को भी आवेदन सौंपा गया।
भोपाल में बाइक टकराने पर विवाद
राजधानी में बाइक टकराने के विवाद में आरोपी ने एक युवक की धारदार चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना छोला मंदिर थाना इलाके की है।
दरअसल, आरोपी दीपक की बाइक अजय लोधी की गाड़ी से टकरा गई थी। जिसके बाद बदमाशों ने उस पर चाक़ू से हमला कर घायल कर दिया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
भोपाल में 7 मिनट में 70 लाख की चोरी
भोपाल के राजौरा फार्म कॉलोनी में बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाकर 7 मिनट में 70 लाख पार कर दिए। घटना सोमवार रात 10:58 से 11:05 के बीच की है। दरअसल, फरियादी नरेंद्र सिंह परिवार के साथ मार्केट गए हुए थे। इसी दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना अवधपुरी थाना क्षेत्र की है।

आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर 70 लाख की ज्वैलरी और 2 लाख के कैश पर हाथ साफ़ कर दिया। रात 11:30 बजे परिवार जब लौटा तब मामले का खुलासा हुआ। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। चार बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दो चोर घर के बाहर पहरा दे रहे थे और दो घर के अंदर हाथ साफ कर रहे थे। पुलिस ने 15 लाख रुपए की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्वालियर में 2 गांजा तस्कर गिरफ्तार
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दोनों तस्कर राजू गुर्जर और सत्येंद्र गिरी राजस्थान के करौली और धौलपुर जिले के रहने वाले हैं। वे स्टेशन पर झांसी एंड की तरफ से ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए थे। RPF ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत नशा तस्करों को शातिर तरीके से दबोचा। जांच करने पर ट्रॉली बैग में पांच पैकेट गांजा बरामद हुआ। तस्कर को जीआरपी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी थाना पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
ग्वालियर में युवक को गोली मारी
एमपी के ग्वालियर में पुरानी रंजिश में युवक को पीट कर गोली मार दी गई। सिंधिया नगर के रहने वाले सोनू परिहार का अरविंद गुर्जर और शाहिद खान से विवाद चल रहा था। सोमवार रात दोनों आरोपी सोनू से विवाद करने पहुंचे थे। इस दौरान उसे गोली मारकर फरार हो गए।

घायल सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सोनू अवैध नशे के काले कारोबार से जुड़ा हुआ है। यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

