शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मार्च महीने की शुरुआत होते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर बनकर उभरा है। मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
हाल के दिनों में भोपाल में दिन का तापमान 34-36 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक है। नर्मदापुरम में तो पारा 39 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, जबकि धार, खंडवा, खरगोन और रतलाम जैसे इलाकों में भी 35-36 डिग्री से ऊपर तापमान रहा। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, मार्च से मई तक सामान्य से अधिक तापमान और अधिक संख्या में लू के दिन रहने की संभावना है।
क्यों बढ़ रही है गर्मी इतनी जल्दी?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल उत्तर-पश्चिम भारत से आने वाली गर्म हवाओं और साफ आसमान के कारण तेज धूप पड़ रही है। इससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
अप्रैल-मई में क्या होगा?
IMD का अनुमान है कि अप्रैल और मई में लू का दौर चलेगा, खासकर ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और विंध्य क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। फिलहाल मार्च में ही गर्मी का असर तेज हो रहा है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

