MP Assembly Monsoon Session: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी (UCC) बिल पास हो गया है। सदन में मानसून सत्र की कार्यवाही के दूसरे दिन यूसीसी विधेयक पर चर्चा हुई। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। इस बीच UCC बिल को पारित किया गया। वहीं भारी हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया हैं।

एमपी विधानसभा के मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) विधेयक पास हो गया है। इससे पहले सदन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने संबोधन करते हुए कहा कि आज स्वर्णिम दिन है। हिंदू मुसलमान सभी के लिए एक कानून लेकर आए हैं। विधानसभा में एक स्वर्ण अध्याय लिखा गया है। भगवान के विधान में सब एक है, मनुष्य की नीति भी एक जैसी होनी चाहिए। सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि गुलामी के दौरान कांग्रेस पार्टी ने देश की संप्रभुता से समझौता किया।

UCC बिल पास करने वाला चौथा राज्य बना मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम से रहीम तक, रविंदर से रॉबिन तक अमर से एंथोनी और अकबर तक देश एक संविधान से चले। आज के बाद मध्यप्रदेश में भेदभाव से मुक्ति मिलेगी। गोवा, उत्तराखंड, असम के बाद मध्यप्रदेश चुनिंदा राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अलग-अलग मजहबी तौल कांटा नहीं होगा। सब एक ही बांट से तौले जाएंगे। सीएम ने हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष बताएं हम अपने दो बेटों को अलग-अलग दृष्टिकोण से क्यों देखते हैं ?

सीएम ने जय श्री राम के नारे लगवाए

वहीं विधानसभा में हंगामे के बीच मुख्यमंत्री ने नारेबाजी की। सीएम ने कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण बंद करो। उन्होंने जय श्री राम के नारे लगवाए। पूरा सदन जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। सीएम ने कहा कि जो हिन्दू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम बहनों ने भी यूसीसी का समर्थन किया है। 40 प्रतिशत मुस्लिम पुरुषों ने समर्थन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण अन्य जिले हैं, इसकी जिम्मेदार भी कांग्रेस है। धोखा झूठ बेईमानी की गई। पुरुषों के हितों के लिए कानून था, लेकिन महिलाओं के हित के लिए कानून नहीं है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विधान एक संविधान एक कानून की बात कही तब यूसीसी का उदय हुआ। उन्होंने आगे कहा कि कुछ दिनों में रक्षाबंधन का त्यौहार आने वाला है। हमारी राखी हिंदू मुस्लिम का इंतजार नहीं करती है। कांग्रेस इस बात को समझ लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m