संजय पाटीदार, Bhopal. मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारे से दो बेहद महत्वपूर्ण खबरें सामने आ रही हैं। जहां एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास जिले के दौरे पर रहेंगे और एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं दूसरी ओर देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास की शुरुआत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का देवास दौरा: सांदीपनी विद्यालय का करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, शनिवार को देवास जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री यहां छात्र संवाद और एक नए विद्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

यह रहेगा पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:

रवानगी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11:20 बजे राजधानी भोपाल से देवास के लिए रवाना होंगे।

सन्नोद आगमन: सीएम दोपहर 1:55 बजे देवास जिले की हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सन्नोद पहुंचेंगे।

छात्र संवाद कार्यक्रम: सन्नोद में मुख्यमंत्री ‘किताबों से कल तक विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल होंगे और छात्र-छात्राओं से रूबरू होंगे।

स्कूल का शुभारंभ: इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सन्नोद में नवनिर्मित सांदीपनी विद्यालय का भव्य शुभारंभ भी करेंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय मप्र दौरा: इंदौर में 1500 BLOs से करेंगे सीधा संवाद

देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज से मध्य प्रदेश के दो दिवसीय  प्रवास पर आ रहे हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा है, जो आगामी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इंदौर में जुटेंगे 1500 से अधिक बीएलओ

मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने दौरे के पहले दिन इंदौर पहुंचेंगे। यहां एक बड़े सम्मेलन में 1500 से अधिक बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) जुटेंगे, जिनसे मुख्य निर्वाचन आयुक्त सीधे संवाद करेंगे और मैदानी स्तर पर आ रही चुनौतियों व फीडबैक पर चर्चा करेंगे।

सांस्कृतिक व धार्मिक स्थलों का भ्रमण

अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 5 जुलाई को मुख्य निर्वाचन आयुक्त प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। वे ओंकारेश्वर और महेश्वर का रुख करेंगे, जहाँ वे दर्शन-पूजन करने के साथ ऐतिहासिक स्थलों को भी देखेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m