शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। सीएम सुबह 9:40 पर भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में शामिल होंगे। इस दौरान मध्य प्रदेश के विकास और निवेश की संभावनाओं पर संवाद होगा। देश दुनिया के उद्योगपति, नीति निर्माता, और विशेषज्ञ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। टेक्सटाइल क्षेत्र में मध्य प्रदेश का फोकस रहेगा। दोपहर 1:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शिवपुरी में बलराम कृषि महोत्सव में सीएम मोहन शामिल होंगे।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के 2026 के लिए मध्यप्रदेश से दो सरकारी शिक्षकों का चयन
मध्य प्रदेश के दो मेधावी शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी जिले के शैलेंद्र प्रताप सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।दोनों शिक्षकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। डॉ. अर्चना शुक्ला भोपाल स्थित सांदीपनि विद्यालय महात्मा गांधी में उच्च माध्यमिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
वहीं शैलेंद्र प्रताप सिंह सीधी जिले की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कंजवार में माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में उनके प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर मान्यता मिली है। शिक्षक दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में देशभर के चुनिंदा शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। मध्य प्रदेश के इन दोनों शिक्षकों का चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
सागर में मिले 3.2 करोड़ कैश मामले में लोकायुक्त ने दर्ज की FIR
सागर में ऑटो चालक के घर से मिले 3.2 करोड़ रुपये नगद के मामले में लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली है। सागर के तिली तिगड्डा इलाके में ड्राइवर सौरभ अहिरवार के मकान से 16 अगस्त को बरामद हुई इस भारी-भरकम नकदी के मामले में अब जांच ने नया मोड़ ले लिया है। लोकायुक्त ने भोपाल निवासी रिटायर्ड PWD इंजीनियर रमेश कुमार अहिरवार, उनकी पत्नी सहोद्रा बाई समेत कुल 4 लोगों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा जब्त की गई पूरी नकदी और नोटों से भरे बैग वाली अलमारी को लोकायुक्त ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। मामले की गहन जांच के लिए DSP के नेतृत्व में 5 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है। 16 अगस्त को सागर में ऑटो चालक सौरभ अहिरवार के घर से अचानक 3.2 करोड़ रुपये का कैश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब लोकायुक्त की एंट्री के बाद इस मामले में बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

