शिखिल ब्यौहार, भोपाल। दतिया उपचुनाव में मिली हार को लेकर भाजपा में कमान संभालने वाले नेताओं की अहम बैठक तय हो गई है।सूत्रों के मुताबिक, आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास पर यह बैठक होगी।इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पार्टी प्रभारी और दतिया उपचुनाव का जिम्मा संभाल रहे वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में दतिया में कांग्रेस की जीत और भाजपा की हार के कारणों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
पार्टी के अंदर क्या गड़बड़ी रही, बूथ स्तर पर कहां कमजोरी रही और किन कारणों से नतीजा उल्टा गया – इन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी।सूत्रों का कहना है कि भीतरघात के आरोपों पर भी गंभीरता से विचार किया जा सकता है। अगर किसी नेता या कार्यकर्ता पर internally नुकसान पहुंचाने के सबूत सामने आते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला भी इस बैठक में लिया जा सकता है। दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को छह हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। इस हार के बाद भाजपा अब कारणों की पड़ताल कर रही है और बैठक इसी दिशा में अहम साबित हो सकती है।
राजधानी भोपाल में 5-8 अगस्त ब्रिक्स सम्मेलन का होगा आयोजन
राजधानी में ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 5 से 8 अगस्त तक भोपाल के पं. कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में यह चार दिवसीय विशेष आयोजन होने जा रहा है। यह सम्मेलन सनातन संस्कृति के मूल मंत्र ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ और सभी के लिए समरसता की भावना पर आधारित है। इसमें ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका, क्यूबा, थाईलैंड और बेलारूस समेत कई देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। आयोजन को यादगार बनाने के लिए भोपाल शहर को खास अंदाज में सजाया जा रहा है। वीआईपी रोड, भोज सेतु, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, पॉलीटेक्निक चौराहा से लेकर मिंटो हॉल तक डिवाइडर्स पर रंग-रोगन किया जा रहा है। यहां प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग बनाई गई हैं, जो विदेशी मेहमानों को मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत से रूबरू कराएंगी।
MP कांग्रेस के नेताओं की दिल्ली में बड़ी बैठक
मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक तय हुई है। कांग्रेस आलाकमान मध्य प्रदेश संगठन की समीक्षा बैठक लेगा। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ प्रदेश सह-प्रभारियों को भी दिल्ली बुलाया गया है। बैठक में संगठन की पूरी समीक्षा की जाएगी।
संगठन सृजन अभियान की प्रगति, जिलाध्यक्षों के कामकाज का रिव्यू और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, जिलाध्यक्षों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट के आधार पर कुछ जिलाध्यक्षों को हटाने की भी तैयारी है। बैठक में प्रदेश संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां, संगठनात्मक गतिविधियां और वर्तमान राजनीतिक हालात पर गंभीर मंथन किया जाएगा। दतिया उपचुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस अब संगठन को और मजबूत करने पर फोकस कर रही है।
मुंबई से निवेश मिशन पर सीएम डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मुंबई दौरे पर रहेंगे। सीएम डॉ. मोहन यादव निवेश मिशन के तहत मुंबई जायेंगे। वहां वे केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के निवेशकों की पहली रोड शो और बैठक में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस मध्य प्रदेश में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना है।
ग्वालियर में देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की स्थापना के लिए निवेशकों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। बैठक में प्रदेश में नए उद्योग लगाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में विस्तार से चर्चा होगी। यह प्रयास मध्य प्रदेश को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने और आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:30 बजे प्रशासनिक अकादमी में एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल होंगे। यह कार्यशाला उभरते ज्ञान क्षेत्र और उन्नत पाठ्यक्रम पर केंद्रित है। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे मंत्रालय पहुंचेंगे। 12:30 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक के बाद दोपहर 2:10 बजे मुख्यमंत्री भोपाल से मुंबई के लिए रवाना होंगे। मुंबई में वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 6:45 बजे मुंबई से वापस भोपाल के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।
राजधानी के 20 इलाकों में आज बिजली कटौती
राजधानी के करीब 20 इलाकों में आज मेंटेनेंस कार्य के चलते बिजली कटौती रहेगी।बिजली कटौती 2 से 8 घंटे तक रहेगी।
विभिन्न क्षेत्रों का समय इस प्रकार है:
- सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक: गौतम नगर, ई-7 सेक्टर, नुपूर कुंज, अमरावतखुर्द, गिरनार कॉलोनी, गिरनार हिल्स और आसपास के इलाके।
- सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक: बैरागढ़ चिचली, मीनाखेड़ी, अमराई, गेहूंखेड़ा और आसपास के क्षेत्र।
- सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक: पंपापुर, हर्षवर्धन नगर और आसपास के इलाके।
- सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक: रामेश्वरम एक्सटेंशन, हाउसिंग बोर्ड क्वार्टर, गायत्री विहार, पार्थ सारथी परिसर और आसपास के इलाके।
- सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक: दानिश हिल्स व्यू टाउनशिप, दानिश हिल्स व्यू-3 और आसपास के क्षेत्र।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


