भोपाल। धनतेरस एवं दीपावली के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए उनकी खोई हुई खुशियां लौटाई हैं। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा विगत 05 दिनों में प्रदेश के विभिन्‍न जिलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुम एवं चोरी हुए 1,748 मोबाइल फोन खोजकर जब्‍त किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये है। पुलिस द्वारा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए जा रहे हैं। त्योहार के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से सैकड़ों परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लौटी है।

उज्जैन : एक करोड़ रुपये कीमत के 524 मोबाइल फोन लौटाए

उज्‍जैन पुलिस ने धनतेरस के अवसर पर CEIR पोर्टल एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गुम एवं चोरी हुए 522 मोबाइल फोन जब्‍त कर वास्‍तविक मालिकों को लौटाए है। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 01 करोड़ रूपए है।

इसी प्रकार थाना चिमनगंज मंडी क्षेत्र स्थित गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई में 02 मोबाइल फोन, एक एप्पल आईपैड एवं सीसीटीवी डीवीआर सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

इस प्रकार जिले में कुल 524 मोबाइल फोन जब्‍त किए है।

इंदौर : 89 लाख रुपये से अधिक कीमत के 323 मोबाइल लौटाए

इंदौर पुलिस द्वारा दीपावली के अवसर पर विशेष अभियान चलाकर 274 नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए है। जोन-03 पुलिस द्वारा 58 लाख रुपये से अधिक कीमत के 168 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए।

वहीं, क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के 106 गुम मोबाइल फोन खोजकर नागरिकों के सुपुर्द किए।

थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र में हुई नकबजनी का सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण कर खुलासा करते हुए चोरी के 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 11 लाख 40 हजार रुपये है, जब्‍त किए है।

इसके अतिरिक्त थाना परदेशीपुरा पुलिस ने भी 13 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। इस प्रकार इंदौर पुलिस ने कुल 323 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन वास्‍तविक मालिकों को लौटाएं।

नरसिंहपुर : 201 मोबाइल फोन खोजकर वास्तविक मालिकों को लौटाए

नरसिंहपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 201 मोबाइल फोन खोजकर जब्‍त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये है।

छिंदवाड़ा : 151 गुम मोबाइल फोन बरामद

छिंदवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 151 गुम मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए गए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 58 हजार रुपये है। पुलिस द्वारा सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए।

मंदसौर : 115 मोबाइल फोन खोजकर नागरिकों को लौटाए

मंदसौर पुलिस ने तकनीकी प्रयासों के माध्यम से आम नागरिकों के गुम हुए 115 मोबाइल फोन खोजकर जब्‍त किए। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये है।

खंडवा : ऑपरेशन सहयोग के तहत 102 मोबाइल फोन बरामद

खंडवा पुलिस द्वारा ऑपरेशन सहयोग के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 102 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत करीब 21 लाख 81 हजार रुपये है। पुलिस द्वारा सभी मोबाइल फोन आवेदकों को वापस सौंपे गए।

पांढुर्णा-111 गुम मोबाइल फोन खोजे

पांढुर्णा साइबर पुलिस ने तकनीकी प्रयासों से 111 गुम मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 18 लाख 50 हजार रूपए है, जब्‍त कर उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किए हैं।

सतना-115 मोबाइल फोन नागरिकों को लौटाए

साइबर सेल सतना एवं जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा गुम एवं खोए हुए 115 मोबाइल फोन CEIR पोर्टल की सहायता से बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 17 लाख रूपए है।

जबलपुर : CEIR पोर्टल की मदद से 86 मोबाइल फोन बरामद

जबलपुर पुलिस की साइबर सेल द्वारा CEIR पोर्टल की मदद से गुम हुए 86 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए गए। लगभग 15 लाख रुपये कीमत के इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा।

शिवपुरी : दुकान से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद

शिवपुरी जिले के थाना नरवर क्षेत्र में दुकान में घुसकर मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 2 लाख 36 हजार रुपये है, जब्‍त किए।

तकनीक और तत्परता से नागरिकों का विश्वास मजबूत कर रही मध्यप्रदेश पुलिस

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की पतारसी और बरामदगी के लिए निरंतर तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। CEIR पोर्टल एवं अन्य आधुनिक तकनीकी माध्यमों से पुलिस की साइबर टीमें गुम मोबाइल फोन को ट्रेस कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा रही हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई इन कार्रवाइयों से मध्यप्रदेश पुलिस की तकनीकी दक्षता, तत्परता और नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है। धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस की यह उपलब्धि नागरिकों के प्रति उसकी संवेदनशीलता, सेवा भावना और जवाबदेही का परिचायक है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m