शब्बीर अहमद, भोपाल। असत्य पर सत्य की जीत के महापर्व विजयादशमी के दिन मध्य प्रदेश के मौसम ने करवट ले ली है। मौसम केंद्र ने राज्य के आधे हिस्से में आज तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के असर के चलते प्रदेश में अगले 4 दिनों तक मौसम खराब रहने और बारिश के आसार बने हुए हैं, जिससे रावण दहन के आयोजनों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
6 संभागों के 25 जिलों में बारिश की संभावना, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत प्रदेश के 6 संभागों के करीब 25 जिलों में बारिश की तेज संभावना है। जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें शिवपुरी, अशोकनगर, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, धार, इंदौर, बड़वानी, खरगोन और खंडवा मुख्य रूप से शामिल हैं। इसके अलावा दमोह, सागर और बुरहानपुर जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वी हिस्सों में खिलेगी धूप, तापमान में आई गिरावट
एक तरफ जहां पश्चिमी और मध्य हिस्से में बारिश का दौर जारी है, वहीं इसके विपरीत जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग जैसे पूर्वी हिस्सों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने के आसार हैं। पिछले 4 दिनों से खराब चल रहे मौसम के कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है, और पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चल रहा है। बीती रात सबसे कम तापमान छिंदवाड़ा में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों में हुई बेमौसम बारिश का असर यह रहा कि अकेले गुना जिले में ही साढ़े चार इंच पानी गिर चुका है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

