संजय पाटीदार, भोपाल । मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमने के बाद अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। प्रदेशभर में दिन की तीखी धूप से अब लोगों को राहत मिलने लगी है, तो वहीं रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने से ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक राज्य में बारिश या आंधी का कोई अलर्ट नहीं है, जिससे रात के पारे में 2 से 3 डिग्री तक की और गिरावट आ सकती है।
इन इलाकों में लुढ़का पारा, अमरकंटक सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के पर्यटन स्थल अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस सीजन की ठंड का अहसास करा रहा है। इसके अलावा बीती रात कटनी के करौंदी में 13.1 डिग्री, दमोह में 14.5 डिग्री, शाजापुर में 15.6 डिग्री और रीवा, उमरिया तथा नीमच के मरुखेड़ा में तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और सागर समेत कई बड़े शहरों में अधिकतम तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
मानसून और बारिश के आंकड़े
बता दें कि पिछले आठ दिनों से पश्चिमी मध्य प्रदेश (खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग) में बारिश का असर देखने को मिला था, लेकिन अब मौसम पूरी तरह साफ हो गया है। इस साल प्रदेश से मानसून की विदा 3 अक्टूबर को हो चुकी है। सीजन के दौरान राज्य में कुल 908.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य (949.5 मिमी) से करीब 4 फीसदी कम रही। पूर्वी हिस्से में सामान्य से 4% अधिक, जबकि पश्चिमी हिस्से में 12% कम बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के 25 जिलों में कोटा पूरा हुआ, जबकि 30 जिले कम बारिश वाले रहे।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में एक नया पश्चिमी विक्षोभ या वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसके असर से उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल, लोग सुहाने मौसम और ठंडी रातों का आनंद ले रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

