संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, इसके बावजूद राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के असर के चलते प्रदेश के कई इलाकों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। इसे देखते हुए आज राज्य के 21 जिलों में आंधी और बारिश का नया अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में रहेगा असर, चलेंगी तेज हवाएं 

पिछले दो दिनों से ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के विभिन्न जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आज इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अगले 4 दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल

अगले 4 दिनों तक ग्वालियर, चंबल और उज्जैन समेत कई अन्य संभागों में मौसम का मिजाज यूं ही बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 18 और 19 अक्टूबर को भी प्रदेश के करीब 15 जिलों में बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है।

कब थमेगा दौर?  

राहत की खबर यह है कि 20 अक्टूबर से यह वेदर सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा, जिसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी से कमी आएगी और मौसम साफ होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m